IPL 2026, Rajasthan Royals vs Delhi Capitals: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने खराब शुरुआत के बावजूद जबरदस्त वापसी की। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान रियान पराग ने मोर्चा संभाला और शानदार पारी खेली। अंत में डोनेवन फरेरा के तूफानी फिनिश ने स्कोर को 225 तक पहुंचा दिया।
आईपीएल 2026 का 43वां मुकाबला शुक्रवार (1 मई) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम को वैभव सूर्यवंशी (4) और यशस्वी जायसवाल (6) के रूप में शुरुआती झटके 2 ओवर के अंदर ही लग गए। इसके बाद कप्तान रियान पराग ने जिम्मेदारी संभाली और ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की शानदार निभाई। जुरेल ने 30 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि रियान पराग ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 90 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
मध्य ओवरों में रवींद्र जडेजा ने भी 20 रन का योगदान दिया। वहीं आखिरी के ओवरों में डोनेवन फरेरा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 12 गेंदों में 41 रन ठोक दिए और टीम के स्कोर को 225 रन तक पहुंचा दिया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट झटके। वहीं काइल जैमीसन, टी नटराजन और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग XI): यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनेवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, ब्रजेश शर्मा।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: एडम मिल्ने, दासुन शनाका, रवि सिंह, यशराज पुंजा, तुषार देशपांडे।
Also Read: LIVE Cricket Score
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग XI): केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, काइल जैमीसन, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, टी नटराजन।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: डेविड मिलर, विपराज निगम, करुण नायर, अभिषेक पोरेल, औकिब नबी डार।