आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में मैदान पर उतरते ही मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह आईपीएल के सभी 19 सीजन खेलने वाले पहले कैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली भी इस खास लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने लीग की शुरुआत अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर की थी।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। रविवार (29 मार्च) को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले जा रहे इस मैच में मैदान पर उतरते ही रोहित आईपीएल के सभी 19 सीजन खेलने वाले पहले कैप्ड खिलाड़ी बन गए।
रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2007 में ही डेब्यू कर लिया था, जबकि आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। ऐसे में वह लीग के पहले सीजन से ही एक कैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलते आ रहे हैं। यही वजह है कि उनका यह रिकॉर्ड और भी खास बन जाता है।
वहीं विराट कोहली भी आईपीएल के सभी 19 सीजन खेल चुके हैं, लेकिन उन्होंने 2008 में लीग की शुरुआत एक अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर की थी। कोहली ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू उसी साल अगस्त में किया था, जबकि आईपीएल उससे पहले खेला जा चुका था।
रोहित शर्मा के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने शुरुआती तीन सीजन डेक्कन चार्जर्स के लिए खेले, जहां उन्होंने 45 मैचों में 1170 रन बनाए। इसके बाद 2011 में वह मुंबई इंडियंस से जुड़े और तब से टीम के सबसे अहम खिलाड़ी बने हुए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस के लिए रोहित अब तक 228 मैच खेल चुके हैं और 5876 रन बना चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है, जो इस लीग के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक बनाता है। इसके अलावा वह मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन और छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं, और टीम के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।