भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मैच से लौटने के बाद रोहित शर्मा को एयरपोर्ट पर पैप्स और फैंस ने घेर लिया। जैसे ही रोहित एयरपोर्ट से बाहर निकले सेल्फ़ी और फ़ोटो लेने के लिए उत्सुक फ़ैन्स ने उन्हें घेर लिया।
हालांकि, तभी माहौल तुरंत ही अफ़रा-तफ़री वाला हो गया क्योंकि पैपराज़ी और फैंस उनके चारों ओर जमा हो गए। चमकते कैमरों और तेज़ लाइटों के बीच, भारतीय स्टार ने असहज महसूस किया जिसके चलते रोहित ने फ़ोटोग्राफ़रों से प्यार भरे अंदाज में अपनी फ़्लैशलाइट बंद करने का अनुरोध किया। वायरल वीडियो में रोहित को ये कहते हुए सुना जा सकता है, “लाइट बंद करो यार।”
इस सबके बावजूद रोहित ने भीड़ पर नाराजगी नहीं दिखाई और धैर्य के साथ फैंस के साथ सेल्फ़ी के लिए पोज़ दिया। इस मज़ेदार वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं। बता दें कि रोहित टी-20 वर्ल्ड कप के ऑफिशियल एंबेसडर के तौर पर कोलंबो में थे। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच शुरू होने से काफी पहले वो इंडियन कैंप के सदस्यों और सपोर्ट स्टाफ से मिले। इस दौरान रोहित पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज़ वसीम अकरम से भी मिले और उन्हें गले लगाते हुए दिखे।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस मैच की बात करें तो, टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ईशान किशन की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के चलते 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान शुरुआत से ही बिखर गई और भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए टीम को 114 रन पर ही समेट दिया।