मुंबई इंडियंस ने सोमवार (16 मार्च) को अपनी प्री-सीज़न की ट्रेनिंग शुरू कर दी। इस ट्रेनिंग के पहले ही दिन फैंस को रोहित शर्मा और शार्दुल ठाकुर के बीच एक मजेदार नोक-झोंक और मज़ाक देखने को मिला। रोहित और शार्दुल के बीच इस मजेदार बैटल का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने नेट्स में शार्दुल ठाकुर की जमकर खिंचाई की, वीडियो में ठाकुर नेट्स में रोहित को गेंदबाज़ी करते हुए दिखे। इस ऑलराउंडर ने रोहित को बिल्कुल स्लॉट में गेंद डाली और हिटमैन ने उस पर ज़ोरदार छक्का जड़ दिया। इस दौरान छक्का लगाने के बाद रोहित ने बार-बार कहा, "कैच करो, स्टैंड्स में।"
रोहित की ये बात सुनकर ठाकुर अपनी मुस्कान रोक नहीं पाए। इस मजेदार वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
अगर मुंबई इंडियंस के कैंप की बात करें तो रिपोर्ट करने वाले अन्य खिलाड़ियों में मयंक मारकंडे, अल्लाह ग़ज़नफ़र, नमन धीर, राजा अंगद बावा, रॉबिन मिंज़, रघु शर्मा, मयंक रावत, दानिश मालेवार, मोहम्मद इज़हार और अश्विनी कुमार शामिल हैं। जसप्रीत बुमराह और कप्तान हार्दिक पांड्या जैसे सीनियर खिलाड़ियों के आने वाले दिनों में टीम में शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने हाल ही में प्री-सीज़न में शुरुआत में ही माहौल बनाने के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, "प्री-सीज़न के पहले दिन में हमेशा कुछ खास होता है। आप खिलाड़ियों को आते हुए देखते हैं, ऊर्जा बढ़ती है और लक्ष्य मज़बूती से शुरुआत करना होता है। हमारे पास ऐसे लड़के हैं जो इस फ़्रैंचाइज़ी को अंदर-बाहर से जानते हैं और हमारे पास कुछ रोमांचक नए चेहरे भी आ रहे हैं।"
Also Read: LIVE Cricket Score
उन्होंने आगे बोलते हुए कहा, "पहला दिन पूरे अभियान के लिए माहौल तय करता है। हम चाहते थे कि हर कोई पहले ही सत्र से इरादे को महसूस करे कि हम कैसे ट्रेनिंग करते हैं, कैसे तैयारी करते हैं और कैसे एक-दूसरे के लिए मौजूद रहते हैं। पहला सत्र हमेशा रोमांचक होता है, लेकिन ये किसी गंभीर चीज़ की शुरुआत भी होती है और हम जानते हैं कि हम किस चीज़ का निर्माण कर रहे हैं।"