भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। रोहित इस समय सिर्फ वनडे फॉर्मैट में एक्टिव हैं और उनकी निगाहें अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर हैं और यही कारण है कि उन्होंने खुद को फिट भी रखा हुआ है। रोहित हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में नजर आए थे जहां एमएस धोनी की पत्नी साक्षी धोनी भी उनकी फिटनेस देखकर दंग रह गई थीं।
रोहित इस समय ना सिर्फ अपनी फिटनेस पर ध्यान दिए हुए हैं बल्कि वो ये भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि वनडे क्रिकेट ना होने के बावजूद वो खुद को अच्छे टच में रखें। यही कारण है कि वो भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले भी प्रैक्टिस करते नजर आए। इस समय सोशल मीडिया पर रोहित की कई वीडियो सामने आई हैं जिसमें वो प्रैक्टिस करते हुए दिख रहे हैं।
ये वीडियो मुंबई के शिवाजी पार्क की हैं जहां रोहित कई पुलिसकर्मियों और सैंकड़ों फैंस की मौजूदगी में प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस दौरान रोहित के बल्ले से कई जबरदस्त शॉट भी देखने को मिले। उनका ये वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, अगर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की बात करें तो ये टूर्नामेंट अब अपने आखिरी स्टेज पर पहुंच गया है जहां फाइनल में इंडिया और न्यूज़ीलैंड का आमना-सामना होगा। ये ज़बरदस्त मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल में आ रही है ऐसे में भारतीय टीम इस कीवी टीम को बिल्कुल भी हल्के में लेने की कोशिश नहीं करेगी। ऐसे में सूर्यकुमार यादव की टीम फाइनल में अपना सबकुछ झोंकती हुई नजर आएगी।