टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर के मुकाबले में वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने वो कर दिखाया जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी। नंबर-9 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे शेफर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक जड़ इतिहास रच दिया और ये कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
आईसीसी मेन्स टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार (26 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुपर-8 मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ नंबर-9 पर बल्लेबाजी करने उतरे इस 31 वर्षीय ऑलराउंडर ने 37 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोक दिए।
अपनी पारी में शेफर्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए और सिर्फ 87 रन पर ही 7 विकेट गिर जाने के बाद टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उन्होंने जेसन होल्डर (31 गेंदों में 49 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों में 89 रन की शानदार साझेदारी की। यह टी20 इंटरनेशनल में आठवें विकेट या उससे नीचे के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस दमदार पार्टनरशिप की बदौलत वेस्टइंडीज पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन तक पहुंच सका।
इस मैच से पहले टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-9 बल्लेबाज करते हुए सबसे बड़ा स्कोर अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज शफीकुल्लाह के नाम था, जिन्होंने 2016 में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 35 रन बनाए थे। शेफर्ड ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया और टी20 वर्ल्ड में नंबर-9 पर बल्लेबाजी करते हुए पचास ठोकने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में नंबर-9 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा स्कोर:
- रोमारियो शेफर्ड (वेस्टइंडीज) – 52* रन (37 गेंद)
- शफीकुल्लाह (अफगानिस्तान) – 35* रन (20 गेंद)
- ग्रीम स्वान (इंग्लैंड) – 34 रन (20 गेंद)
- उमर गुल (पाकिस्तान) – 32 रन (17 गेंद)
- नईम इस्लाम (बांग्लादेश) – 28 रन (17 गेंद)
अगर ओवरऑल टी20 इंटरनेशल की बात करें तो नंबर-9 पर सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज हमद सफी (58 रन, 18 गेंद) के नाम है, जबकि बांग्लादेश के तंजीम हसन साकिब भी इस पोजिशन पर अर्धशतक जड़ चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि मैच के परिणाम की बात करें तो 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका को कोई मुश्किल नहीं हुई और टीम ने 23 गेंदें शेष रहते हुए 9 विकेट से ये मुकाबला अपने नाम किया। टीम के लिए कप्तान एडेन मार्करम ने 46 गेंदों में नाबाद 82 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, वहीं क्विंटन डी कॉक (47) और रयान रिकेल्टन (45*) ने भी अहम रन जोड़े।