IPL 2026, Chennai Super Kings vs Mumbai Indians Highlights: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार (2 मई) को खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस 159 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में CSK ने ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की शानदार पारियों के दम पर 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अंशुल कंबोज की घातक गेंदबाजी ने भी इस जीत में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विल जैक (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद रयान रिकेल्टन और नमन धीर ने कुछ देर पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन जोड़े। रिकेल्टन ने 24 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने 37 गेंदों में 57 रन की अहम पारी खेली।
इसके अलावा सूर्यकुमार यादव (21) और हार्दिक पांड्या (23) ने कुछ रन जरूर जोड़े, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नतीजन मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 159 रन तक ही पहुंच सकी।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर अहम 3 विकेट झटके। उनके अलावा नूर अहमद को 2 विकेट मिले, जबकि जेमी ओवरटन और रामकृष्ण घोष ने 1-1 विकेट हासिल किया।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और संजू सैमसन 11 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और उर्विल पटेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। उर्विल ने 12 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया।
इसके बाद कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऋतुराज के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 गेंदों में 98 रन की अटूट साझेदारी की। कार्तिक ने 40 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेलते हुए 48 गेंदों में नाबाद 67 रन ठोके। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत CSK ने 18.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर ही 1-1 विकेट ले सके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अब 8 अंकों के साथ अंकतालिक में 6वें पायदान पर आ गई है। वहीं मुंबई इंडियंस को इस सीजन की सातवीं हार का सामना करना पड़ा है और अंकतालिका में 9वें पायदान पर है।