आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को अपने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन उनका बुरा फॉर्म कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी जारी रहा और गायकवाड़ सिर्फ 7 रन बनाकर चलते बने। जब केकेआर के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया तो हर सीएसके फैन को रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन की जोड़ी से बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी लेकिन इस मैच में भी ऐसा नहीं हुआ।
जब सीएसके की पारी के पहले ओवर में 14 रन बने तो ऐसा लगा कि ये ओपनिंग साझेदारी इस बार टीम को अच्छी शुरुआत देगी लेकिन पारी के तीसरे ही ओवर में ये उम्मीद टूट गई। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने स्पिनर अनुकूल रॉय को गेंद थमाई और अनुकूल ने मैच को अपनी टीम के अनुकूल करने में बिल्कुल भी देर नहीं लगाई। अनुकूल के इस ओवर में गायकवाड़ ने लेग साइड पर हवाई शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन बल्ले और गेंद का कनेक्शन अच्छा नहीं हुआ था जिसके चलते उन्हें 7 रन पर अपना विकेट गंवाना पड़ा।
उनके लगातार पांचवें फ्लॉप शो के बाद सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग भी शुरू हो गई है। कुछ फैंस का तो ये भी कहना है कि गायकवाड़ टीम के कप्तान तो हैं लेकिन कहीं न कहीं वो अपनी ही टीम पर बोझ बन गए हैं। गायकवाड़ ने अभी तक मौजूदा सीजन में खेली गई पांच पारियों में सिर्फ 63 रन बनाए हैं और कहीं न कहीं वो अपनी टीम की कमजोर कड़ी बनते जा रहे हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर अंक तालिका की बात करें तो चेन्नई ने चार में से एक मुकाबला जीता है, वहीं इतने ही मैच खेलने के बाद कोलकाता जीत का खाता नहीं खोल पाई है। दोनों टीमें पॉइंट्स टेबल में क्रमश: नौंवे और दसवें नंबर पर है। ऐसे में जो भी टीम ये मुकाबला जीतेगी उसके लिए आगे की राह थोड़ी बेहतर होगी लेकिन जो टीम हारेगी उसके लिए यहां से टूर्नामेंट में वापसी कर पाना बहुत मुश्किल होगा।