टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान की सलामी जोड़ी ने ऐसा धमाका किया कि रिकॉर्ड बुक्स को फिर से लिखना पड़ा। साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान ने पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़कर टूर्नामेंट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी का नया कीर्तिमान बना दिया।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के 10वें मुकाबले में शनिवार (28 फरवरी) को पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने हैं। कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली और पहले विकेट के लिए सिर्फ 95 गेंदों में 176 रन ठोक डाले। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी ही नहीं, बल्कि कुल मिलाकर किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई।
फखर ज़मान ने 42 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं साहिबजादा फरहान ने शानदार शतक जड़ते हुए 60 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे।
इस जोड़ी ने 2026 वर्ल्ड कप में ही न्यूज़ीलैंड के फिन एलेन और टिम सीफर्ट द्वारा यूएई के खिलाफ बनाई गई 175* रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2022 में जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारत के खिलाफ 170* रन जोड़े थे, जबकि क्विंटन डी कॉक और राइली रूसो (168 बनाम बांग्लादेश, 2022) और कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने (166 बनाम वेस्टइंडीज, 2010) भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारियां:
- 176 रन – साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान बनाम श्रीलंका, 2026
- 175* रन – फिन एलेन और टिम सीफर्ट बनाम यूएई, 2026
- 170* रन – जोस बटलर और एलेक्स हेल्स बनाम भारत, 2022
- 168 रन – क्विंटन डी कॉक और राइली रूसो बनाम बांग्लादेश, 2022
- 166 रन – कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने बनाम वेस्टइंडीज, 2010
मैच की बात करें तो आखिरी ओवरों में पाकिस्तान ने कुछ तेज विकेट जरुर गंवाए। ख्वाजा नफे (2), शादाब खान (7), मोहम्मद नवाज़ (0) और कप्तान सलमान अली आगा (0) सस्ते में आउट हो गए, लेकिन मजबूत ओपनिंग साझेदारी की बदौलत टीम ने 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि श्रीलंका पहले ही सुपर-8 के शुरुआती दो मुकाबले हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है। वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। अगर उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचना है तो न सिर्फ यह मैच जीतना होगा, बल्कि न्यूज़ीलैंड से बेहतर नेट रनरेट भी हासिल करनी होगी। इसके लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को 147 रन से कम पर रोकना बेहद जरूरी है।