Sahibzada Farhan Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड का 10वां मुकाबला शनिवार, 28 फरवरी को श्रीलंका और पाकिस्तान (SL vs PAK) के बीच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) महान बल्लेबाज़ विराट कोहली (Virat Kohli) का एक बेहद ही खास रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 29 साल के साहिबजादा फरहान मौजूदा समय में बेहद ही गज़ब की फॉर्म में दिखे हैं और वो आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में अब तक पाकिस्तान के लिए 6 मैचों की 5 इनिंग में 70.75 की औसत और 158.10 की स्ट्राइक रेट से 283 रन ठोक चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक सेंचुरी और 2 हाफ सेंचुरी ठोकी है।
यहां से साहिबजादा फरहान श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 राउंड के मुकाबले में अगर 37 रनों की पारी खेलते हैं तो वो मौजूदा टूर्नामेंट में अपने 320 रन पूरे कर लेंगे और इसी के साथ विराट कोहली को पीछे छोड़कर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। बताते चलें कि विराट ने साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए 6 मैचों में 106.33 की औसत से 319 रन बनाए थे।
टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी
- विराट कोहली (भारत) - साल 2014 में 319 रन (साल 2014)
- तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका) - साल 2009 में 317 रन
- बाबर आज़म (पाकिस्तान) - साल 2021 में 303 रन
- महेला जयवर्धने (श्रीलंका) - साल 2010 में 302 रन
- विराट कोहली (भारत) - साल 2022 में 296 रन
- तमीम इकबाल (बांग्लादेश) - साल 2016 में 295 रन
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - साल 2021 में 289 रन
बताते चलें कि साहिबजादा फरहान अब तक पाकिस्तान के लिए कुल 45 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं जिसकी 44 पारियों में उन्होंने 28.69 की औसत और 134.63 की स्ट्राइक रेट से 1205 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक सेंचुरी और 10 हाफ सेंचुरी ठोकी। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो विराट कोहली का ये महारिकॉर्ड तोड़ पाते हैं या नहीं।
पाकिस्तान टीम का पूरा स्क्वाड: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, नसीम शाह, ख्वाजा नफे।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका टीम का पूरा स्क्वाड: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, डुनिथ वेललागे, कामिंडु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका, जेनिथ लियानागे, प्रमोद मदुशन, चैरिथ असलांका, कुसल परेरा।