Sam Cook Unwanted Record: द हंड्रेड 2026 (The Hundred 2026) का 27वां मुकाबला बीते रविवार, 09 अगस्त को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां वेल्श फायर (Welsh Fire) के तेज गेंदबाज़ सैम कुक (Sam Cook) ने सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) के सामने बेहद ही खराब गेंदबाज़ी की। उन्होंने अपनी 20 गेदों पर बिना कोई विकेट लिए 60 रन लुटाए। यही वज़ह है अब उनके नाम एक बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
दरअसल, 29 वर्षीय सैम कुक अब द हंड्रेड के इतिहास में सबसे महंगा स्पेल डालने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। उन्होंने SUL के खिलाफ 60 रन लुटाकर राशिद खान का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 2025 में बर्मिघम फीनिक्स के सामने बिना कोई विकेट लिए 59 रन लुटाए थे।
The Hundred में सबसे महंगा स्पेल डालने वाले गेंदबाज़
- सैम कुक — 0/60 (वेल्श फायर बनाम सनराइजर्स लीड्स, 2026)
- राशिद खान — 0/59 (ओवल इनविंसिबल्स बनाम बर्मिंघम फीनिक्स, 2025)
- ब्रायडन कार्स — 0/55 (सनराइजर्स लीड्स बनाम लंदन स्पिरिट, 2026)
गौरतलब है कि साल 2026 का द हंड्रेड टूर्नामेंट सैम कुक के लिए कुछ खास नहीं रहा है। इस इंग्लिश बॉलर ने टूर्नामेंट में अब तक 7 मैच खेलकर सिर्फ 7 विकेट चटकाए हैं। ध्यान दें कि इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 10.20 और औसत 29.14 रहा है।
मैच का हाल: लीड्स के मैदान पर वेल्श फायर ने टॉस जीतकर सनराइजर्स लीड्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पहली की 100 गेंदों पर 4 विकेट खोकर 201 रन बनाए। SUL के लिए मिचेल मार्श ने अर्धशतक ठोका और 34 गेंदों पर 50 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में वेल्श फायर के लिए मैथ्यू शॉर्ट ने 29 गेंदों पर 43 रनों की तूफानी पारी खेली और जो रूट ने 22 गेंदों पर 31 रन बनाए। हालांकि इसके बावजूद WEF की पूरी टीम अपनी 100 गेंदों पर 6 विकेट खोकर 130 रन ही जोड़ पाई और ऐसे सनराइजर्स लीड्स ने ये मुकाबला 71 रनों से जीतकर अपने नाम किया।