इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का 53वां मुकाबला रविवार, 10 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (CSK vs LSG) के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले CSK के स्टार बल्लेबाज़ संजू सैमसन (Sanju Samson) ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने ये बता दिया है कि क्या उनके दिमाग में कभी सीएसके का कैप्टन बनने का ख्याल था भी या नहीं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स ने संजू सैमसन के साथ एक पॉडकास्ट रिलीज किया है जिसमें वो दिल खोलकर बातचीत करते दिखे। यहां उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि वो सीएसके की टीम में कप्तान बनने का ख्याल लेकर नहीं आए थे। उन्होंने कहा, "नहीं, मेरे पास पहले से ही एक टीम थी। मेरे पास पहले से ही एक जगह थी। मैं वहां से निकलकर दूसरी टीम में शामिल होना चाहता था। इसलिए उस ट्रांजेक्शन में, आप असल में डिमांड नहीं रख सकते।"
वो आगे बोले, "सच कहूं तो, आप एक नए घर में जाने की कोशिश कर रहे हैं। जब आप एक नए घर में जाने की कोशिश कर रहे होते हैं, तो आप वहां डिमांड लेकर नहीं जाते, यही मैंने सीखा है। आप वहां जाते हैं और अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करते हैं। CSK ने मुझ पर भरोसा किया है और मुझे यहां बुलाया है। मैं यहां अपना सब कुछ देने को तैयार हूं।"
बताते चलें कि 31 साल के संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए साल 2026 के सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 10 मैचों में 57.42 की औसत और 167.50 की स्ट्राइक रेट से 402 रन बनाए हैं। खास बात ये है कि इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतक ठोका है। IPL 2026 में संजू के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ एक से ज्यादा शतक नहीं बना पाया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी स्क्वाड: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, गुरजापनीत सिंह, एमएस धोनी, मैट हेनरी, सरफराज खान, मैथ्यू शॉर्ट, श्रेयस गोपाल, शिवम दुबे, राहुल चाहर, स्पेंसर जॉनसन, आकाश मधवाल, अमन खान, जैकरी फोल्क्स, प्रशांत वीर।