AFG vs IRE 4th ODI: सेदिकुल्लाह अटल (Sediqullah Atal) ने अपने 25वें जन्मदिन को बेहद खास बना दिया है। अफगानिस्तान के इस युवा बल्लेबाज ने आयरलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार शतक जड़कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच जारी पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (12 अगस्त) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल ने अपने जन्मदिन पर ऐसी पारी खेली, जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएंगे।
अपना 25वां जन्मदिन मना रहे अटल ने आयरलैंड के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए वनडे क्रिकेट में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 120 गेंदों में 143 रन की पारी खेली और इसी के साथ जन्मदिन पर वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।
सेदिकुल्लाह ने न्यूजीलैंड के अनुभवी स्टार बल्लेबाज टॉम लैथम का रिकॉर्ड तोड़ा है। लैथम ने 2 अप्रैल 2022 को अपने 30वें जन्मदिन पर नीदरलैंड्स के खिलाफ नाबाद 140 रन की पारी खेली थी। अब अटल ने 143 रन बनाकर लैथम को पीछे छोड़ दिया है। इस खास रिकॉर्ड की लिस्ट में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल था। सचिन ने अपने 25वें जन्मदिन पर वनडे क्रिकेट में 134 रन की शानदार पारी खेली थी।
जन्मदिन पर सबसे बड़ी वनडे पारी
- सेदिकुल्लाह अटल – 143 रन
- टॉम लैथम – 140 रन
- सचिन तेंदुलकर – 134 रन
दिलचस्प बात यह है कि जन्मदिन पर वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली थे। उन्होंने 18 जनवरी 1993 को अपने 21वें जन्मदिन पर जयपुर में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 343 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सेदिकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 231 रन की शानदार साझेदारी की। जादरान ने भी शतक ठोका और 118 गेंदों में 107 रन की पारी खेली।