भारतीय बैटर शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने बुधवार (17 जून) को नीदरलैंड के खिलाफ लीड्स के हेडिंग्ले में खेले गए महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में अपने ऑलराउंडर खेल से इतिहास रच दिया।
शेफाली ने पहले बल्लेबाजी में 38 गेंदों में 55 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके जड़े। इसके बाद गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 3.2 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किए हैं।
शेफाली भारत की पहली और दुनिया की तीसरी क्रिकेटर बनी, जिन्होंने महिला टी-20 वर्ल्ड कप के एक मुकाबले में अर्धशतक जड़ने के अलावा तीन विकेट लिए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज औऱ साउथ अफ्रीका की सुने लुईस ने यह कारनामा किया था।
बता दें कि शेफाली के बाद पाकिस्तान की फातिमा सना ने भी टी-20 वर्ल्ड कप में यह मुकाम हासिल किया।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नीदरलैंड को 95 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन का विशाल स्कोर बनाया। जिसमें शेफाली के अलावा स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की धमाकेदार पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 70 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी की।
जवाब में नीदरलैंड टीम 17.3 ओवर में 114 रनों पर ऑलआउट हो गई. जिसमें कप्तान बैबेट डी लीड 28 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
गेंदबाजी में भारत के लिए शेफाली के अलावा श्री चरणी ने 4 विकेट, नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट औऱ दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट अपने खाते में डाला।