कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक और बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan Launches LA Knight Riders Stadium) ने लॉस एंजिल्स में आधिकारिक तौर पर एक नए वर्ल्ड-क्लास क्रिकेट स्टेडियम का अनावरण किया है। शाहरुख ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
उनके नाइट राइडर्स ग्रुप ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के साथ मिलकर यह स्टेडियम बनाया है, जो पोमोना में स्थित है और लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स फ़्रैंचाइज़ी के होम ग्राउंड रहेगा।
शाहरुख ने इस प्रोजेक्ट को लंबे समय से देखे जा रहे सपने के सच होने जैसा बताया और खेल से परे इसके मकसद पर ज़ोर देते हुए इसे मनोरंजन, परिवारों और यादगार पलों के लिए एक जगह बताया।
शाहरुख ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, “ जो एक सपना था... वह आज हकीकत बन गया है। एलए के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है। यह जगह सिर्फ़ खेल के लिए ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और परिवारों के लिए भी बनाई गई है... और ऐसी यादों के लिए जो हमेशा साथ रहेंगी। जयभाई (जय शाह) का खास शुक्रिया, जिन्होंने इस सफ़र में बहुत मदद की, और साथ ही आईसीसी और संजोग गुप्ता का भी धन्यवाद, जिन्होंने इतना सपोर्ट दिया।”
Also Read: LIVE Cricket Score
खबरों के अनुसार यह स्टेडियम अमेरिका में क्रिकेट को प्रमोट करने में अहम रोल निभाएगा, खासकर इसलिए क्योंकि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स में क्रिकेट भी शामिल है। स्टेडियम में न सिर्फ़ MLC मैच खेले जाएंगे, बल्कि उम्मीद है कि ओलंपिक गेम्स में होने वाले क्रिकेट मैचों के लिए यह मुख्य वेन्यू में से एक होगा।