IND vs WI 2nd T20I: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (Shai Hope) ने शुक्रवार (9 अक्टूबर) को भारत के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने तूफानी शतक जड़ते हुए अपनी टीम को 250 रन का लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।
होप ने इस मुकाबले में महज 45 गेंदों में 102 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत को इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।
शाई होप ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
शाई होप ने 45 गेंदों शतक ठोककर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज के लिए दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। क्रिस गेल ने मार्च 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेले गए टी20 मुकाबले में 47 गेंदों में शतक लगाया था।
वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड फिल्हाल जॉनसन चार्ल्स के नाम है। उन्होंने 26 मार्च 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में महज 39 गेंदों में शतक पूरा किया था।
वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक
- जॉनसन चार्ल्स – 39 गेंदें, साउथ अफ्रीका के खिलाफ, सेंचुरियन, मार्च 2023
- शाई होप – 45 गेंदें, भारत के खिलाफ, रांची, 9 अक्टूबर 2026
- क्रिस गेल – 47 गेंदें, इंग्लैंड के खिलाफ, मुंबई, मार्च 2016
- एविन लुईस – 48 गेंदें, भारत के खिलाफ, लॉडरहिल, अगस्त 2016
- क्रिस गेल – 50 गेंदें, साउथ अफ्रीका के खिलाफ, जोहान्सबर्ग, सितंबर 2007
भारत के खिलाफ सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक की बराबरी
शाई होप ने 45 गेंदों में शतक पूरा करके भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल की बराबरी की है। बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 45 गेंदों में शतक लगाया था।
भारत के खिलाफ सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक
- जैकब बेथेल (इंग्लैंड) – 45 गेंदें
- शाई होप (वेस्टइंडीज) – 45 गेंदें
- डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) – 46 गेंदें
- जोश इंग्लिस (ऑस्ट्रेलिया) – 47 गेंदें
- ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) – 47 गेंदें
Also Read: LIVE Cricket Score
शाई होप का टी20 इंटरनेशनल में दूसरा शतक
भारत के खिलाफ रांची में लगाया गया यह शतक शाई होप के टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक है। इसके साथ ही वह वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में क्रिस गेल और एविन लुईस के साथ संयुक्त रुप से पहले स्थान पर शामिल हो गए हैं। इन दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने भी अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में दो-दो शतक लगाए हैं।