क्रिकेट के मैदान पर आपने अलग-अलग कारणों के चलते मैच रुकते हुए कई बार देखे होंगे लेकिन सोमवार को शेफ़ील्ड शील्ड का एक मैच बहुत ही अलग वजह के चलते 25 मिनट तक बाधित रहा। ये मैच तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स मैच के बीच खेला जा रहा था और तीसरे दिन का खेल सोमवार को फायर अलार्म के कारण बाधित हो गया। इस घटना ने क्रिकेट फैंस के होश उड़ा दिए क्योंकि इससे पहले उन्होंने ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी थी।
इसके बाद खेल को फिर से शुरू होने में 25 से 30 मिनट लगे और स्टंप्स तक तस्मानिया की टीम खेल पर हावी थी। ये घटना दिन के दूसरे सत्र के दौरान हुई, जब फायर अलार्म ने अफरा-तफरी मचा दी। इस अलार्म की गूंज ब्लंडस्टोन एरिना के स्टैंड्स तक सुनाई दी। उस समय गेंदबाज़ गेंद डालने की तैयारी कर रहा था, लेकिन खेल को रोकना पड़ा, क्योंकि अंपायरों ने खिलाड़ियों को स्टैंड्स छोड़कर पिच के बीच में जाने के लिए कहा।
इसके बाद तस्मानिया फायर सर्विस एक्शन में आई और उन्होंने सदस्यों के स्टैंड के पीछे के हर इलाके की जांच की। आखिरकार, पता चला कि ये एक झूठा अलार्म था जो आयोजन स्थल की रसोई में एक खराब डिवाइस के कारण बज गया था। एक बार जब ये घोषणा कर दी गई कि सभी सुरक्षित हैं, तो खेल फिर से शुरू हो गया।
जहां तक मैच की बात है, तस्मानिया ने अपनी पहली पारी में सिर्फ़ 198 रनों पर सिमटने के बाद अच्छी वापसी की है। उनके गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्हें 20 रनों की अहम बढ़त दिलाने में मदद की। तस्मानिया के 198 रनों के जवाब में न्यू साउथ वेल्स की टीम 178 रनों पर ही सिमट गई थी। लॉरेंस नील-स्मिथ ने चार विकेट लिए, जबकि मैथ्यू कुहनेमैन और कीरन इलियट ने भी क्रमशः तीन और दो विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अपनी दूसरी पारी में, तस्मानिया ने फिर से खराब शुरुआत की और 10 रन के स्कोर पर ही 3 विकेट गंवा दिए लेकिन इसके बाद जेक वेदरल्ड, जॉर्डन सिल्क, जेक डोरन और कुहनेमैन ने अर्धशतक लगाते हुए अपनी टीम की मैच में वापसी करवा दी। उन्होंने दूसरी पारी में 341 रन बनाए और न्यू साउथ वेल्स के सामने 362 रनों का लक्ष्य रखा। स्टंप्स तक, न्यू साउथ वेल्स ने 20 रन के स्कोर पर 1 विकेट गंवा दिया था और उन्हें आखिरी दिन मैच जीतने के लिए 342 और रनों की ज़रूरत है।