T20 World Cup 2026, England vs West Indies Highlights: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में वेस्टइंडीज के लिए शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को मजबूती दी और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। रदरफोर्ड के साथ जेसन होल्डर की आक्रामक बल्लेबाजी ने आखिरी ओवरों में रनगति को तेज कर दिया। 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के लगातार विकेट गिरने से दबाव बढ़ता चला गया। वेस्टइंडीज के स्पिन गेंदबाजी ने इंग्लिश बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 15वां मुकाबला बुधवार (11 फरवरी) को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। शाई होप बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि ब्रैंडन किंग सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शिमरोन हेटमायर ने 23 रन जोड़े, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। मुश्किल हालात में शेरफेन रदरफोर्ड ने रॉस्टन चेस के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों के बीच 47 रन की अहम साझेदारी हुई।
रॉस्टन चेस ने 29 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि रदरफोर्ड अंत तक टिके रहे और 42 गेंदों में नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। अंत के ओवरों में जेसन होल्डर ने आक्रामक अंदाज में 17 गेंदों में 33 रन ठोके और छठे विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन की तेज साझेदारी निभाई। इन योगदानों के दम पर वेस्टइंडीज ने 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद और जेमी ओवरटन ने 2-2 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर और सैम करन को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड लगातार अंतराल में विकेट गवाती रही। फिल साल्ट और जोस बटलर ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े, लेकिन बटलर 21 और साल्ट 30 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जैकब बेथेल ने 23 गेंदों में 33 रन जोड़े, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक 17 रन ही बना सके।
हालांकि सैम करन ने एक छोर संभालते हुए 30 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में 166 रन पर सिमट गई।
वेस्टइंडीज के लिए गुडाकेश मोती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि रॉस्टन चेस ने 2 विकेट लिए। अकील हुसैन, शमर जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड को भी 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुल मिलाकर वेस्टइंडीज ने 30 रन से मुकाबला अपने नाम किया और लगातार दूसरी जीत के साथ 4 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान मजबूत किया।