Yashasvi Jaiswal Shattered Shikhar Dhawan Record: अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने सिर्फ 6 पारियों में अपना दूसरा वनडे शतक पूरा कर शिखर धवन का खास रिकॉर्ड तोड़ दिया। 

Advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार (20 जून) को खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर सभी को प्रभावित किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 86 गेंदों में नाबाद 110 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था और इसी के साथ उन्होंने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का एक खास रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Advertisement

दरअसल, यशस्वी ने सिर्फ 6 पारियों में अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में दो वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था, जिन्होंने साल 2013 में अपने करियर की शुरुआती 7 पारियों में दो शतक जड़े थे।

भारत के लिए सबसे कम पारियों में दो वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज

  1. यशस्वी जायसवाल – 6 पारियां
  2. शिखर धवन – 7 पारियां
  3. केदार जाधव – 9 पारियां
  4. विराट कोहली – 17 पारियां
  5. शुभमन गिल – 18 पारियां

यशस्वी के लिए यह शतक और भी खास इसलिए रहा क्योंकि वह लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे थे। पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाने के बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा था, लेकिन इस पारी ने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। 

इस मुकाबले में यशस्वी ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 170 रन की शानदार साझेदारी की। रोहित शर्मा ने इस दौरान 69 गेंदों में 79 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि यशस्वी अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को 28.4 ओवर में जीत दिलाकर लौटे।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

इससे पहले अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई। कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने 131 गेंदों में 102 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि अज़मतुल्लाह ओमरजई ने 56 गेंदों में 50 रन बनाए। लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8.2 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट झटके।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार