टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने मुंबई में ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड बुक अपडेट करनी पड़ी। उन्होंने 19 गेंदों में फिफ्टी और टूर्नामेंट में 17 छक्के पूरे कर लिए। ऐसा करते ही हेटमायर टी20 वर्ल्ड कप में ये कारनाम करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के मिडिल ऑडर बल्लेबाज बल्लेबाज ने बल्ले से ऐसा धमाका किया जिसने मैच का रुख ही बदल दिया। सोमवार, 23 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में हेटमायर ने 34 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली।
उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज फिफ्टी है। अपनी पारी में हेटमायर ने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। इन सात छक्कों के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस एडिशन में वह अब तक कुल 17 छक्के ठोक चुके हैं।
इसी के साथ हेटमायर ने अपनी ही टीम के साथी खिलाड़ी निकोलस पूरन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पूरन ने भी 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में 7 मैचों में 17 छक्के जड़े थे। अब 2026 में हेटमायर भी 17 छक्कों के साथ निकोलस पूरन के साथ संयुक्त रुप से टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इस खास सूची में पूरन और हेटमायर के बाद वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल (16 छक्के, 2012) और अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज (16 छक्के, 2024) का नाम आता है।
टी20 वर्ल्ड वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़:
- शिमरोन हेटमायर (वेस्टइंडीज) – 17 छक्के (2026)
- निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) – 17 छक्के (2024)
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 16 छक्के (2012)
- रहमानुल्लाह गुरबाज़ (अफगानिस्तान) – 16 छक्के (2024)
- मार्लन सैमुअल्स (वेस्टइंडीज) – 15 छक्के (2012)
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो हेटमायर के अलावा रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन ठोके, जबकि अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाकर स्कोर 254 तक पहुंचा दिया। जवाब में ज़िम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन जरूर बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे और टीम 147 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 107 रन से जीतकर सुपर-8 में दमदार आगाज़ किया।