भारतीय क्रिकेट टीम को विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी-20 मैच में बेशक न्यूजीलैंड के हाथों 50 रन से हार झेलनी पड़ी लेकिन इस मैच में शिवम दुबे ने जैसी बल्लेबाजी की उसने टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम को काफी भरोसा दिलाया है। बाएं हाथ का ये बल्लेबाज चौथे विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आया और बिना समय गंवाए उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी।
दुबे ने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक ज़ोरदार छक्का लगाकर अपनी पारी की शुरुआत की और उसके बाद तो उन्होंने रुकने का नाम ही नहीं लिया। आउट होने से पहले दुबे ने 23 गेंदों में 3 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। उनकी पारी का ये पहला छक्का ही 101 मीटर लंबा था जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। उनका ये गगनचुंबी छक्का नौवें ओवर के दौरान देखने को मिला।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर गेंदबाजी कर रहे थे और उन्होंने एक गेंद 93.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फुल फेंकी थी। तभी दुबे ने पूरी ताकत के साथ लेग साइड में स्विंग करते हुए गेंद को 101 मीटर दूर पहुंचा दिया। उनका ये आसमानी छक्का देखकर सैंटनर का चेहरा भी उतर गया। इस छक्के का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को करारा झटका पहली ही गेंद पर लगा, जब अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर मैट हेनरी का शिकार बने। दूसरे ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव भी सिर्फ 8 रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन (24) और रिंकू सिंह (39) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। मध्यक्रम में शिवम दुबे ने जबरदस्त संघर्ष दिखाते हुए 23 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने एक समय भारत को मुकाबले में वापसी की उम्मीद दिला दी थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि शिवम दुबे 15वें ओवर में दुर्भाग्यपूर्ण रनआउट का शिकार हो गए। दुबे के आउट होते ही भारतीय पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई और 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई।