ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Bangladesh Women: 21 वर्षीय लेफ्ट ऑर्म स्पिनर श्री चरणी ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक 12 विकेट चटका लिए हैं और पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज पूनम यावद को पीछे छोड़ते हुए एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
भारतीय महिला टीम की युवा लेफ्ट ऑर्म स्पिनर श्री चरणी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। 21 साल की इस गेंदबाज ने गुरुवार (25 जून) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रच दिया। उन्होंने पूनम यादव का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया।
बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में श्री चरणी ने अपने चार ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इन दो विकेटों के साथ ही इस टूर्नामेंट में उनके विकेटों की संख्या 12 हो गई। इसी के साथ उन्होंने पूनम यादव के 2020 टी20 वर्ल्ड कप में बनाए गए 10 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट
- श्री चरणी – 12 विकेट (2026)
- पूनम यादव – 10 विकेट (2020)
- डायना डेविड – 9 विकेट (2010)
- पूनम यादव – 8 विकेट (2014)
- पूनम यादव – 8 विकेट (2018)
श्री चरणी का यह प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत के पहले मैच में 3 विकेट झटके थे। इसके बाद नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने 3 विकेट हासिल किए और अब बांग्लादेश के खिलाफ 2 विकेट लेकर अपने कुल विकेटों की संख्या 12 तक पहुंचा दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
आपको ये भी बता दें कि टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में श्री चरणी के पास एक और बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा। महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के नाम दर्ज है। अमेलिया ने 2024 संस्करण में 6 मैचों में 15 विकेट हासिल किए थे। श्री चरणी इस रिकॉर्ड से सिर्फ 4 विकेट दूर हैं और अगर वह अपनी मौजूदा फॉर्म बरकरार रखती हैं तो यह रिकॉर्ड भी उनके नाम हो सकता है।