Shreyas Iyer Record: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (ENG vs IND 1st T20) बीते बुधवार, 01 जुलाई को चेस्ट-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला गया था जहां टीम इंडिया के कैप्टन श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने 47 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्का लगाकर 68 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ श्रेयस ने कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।
टूटा विराट कोहली का महारिकॉर्ड: 31 वर्षीय श्रेयस अय्यर भारत के लिए इंग्लैंड की धरती पर बतौर कैप्टन T20I में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महान विराट कोहली को पछाड़कर ये रिकॉर्ड बनाया है जिन्होंने साल 2018 में टीम इंडिया की कैप्टेंसी करते हुए इंग्लैंड के सामने इंग्लैंड में ही 47 रन बनाए थे।
इंग्लैंड की धरती पर बड़ा कारनामा: श्रेयस भारत के ऐसे पहले टी20 कैप्टन भी बन गए हैं, जिन्होंने इंग्लैंड की धरती पर अर्धशतक जड़ा। बताते चलें कि महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अपनी कैप्टेंसी में ये कारनामा नहीं कर पाए थे।
खास रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल: श्रेयस अय्यर ने बतौर टी20 कैप्टन अपने तीसरे ही मुकाबले में फिफ्टी प्लस की पारी खेलकर एक खास क्लब में एंट्री ले ली है। वो भारत के ऐसे आठवें खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया की कैप्टेंसी करके अर्धशतक लगाया। उन्होंने केएल राहुल और सुरेश रैना की भी बराबरी की है।
बताते चलें कि टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए बतौर कैप्टन सर्वाधिक फिफ्टी प्लस इनिंग खेलने वाले खिलाड़ी रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 16 फिफ्टी प्लस स्कोर दर्ज हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली 13 फिफ्टी प्लस स्कोर के साथ मौजूद है। ध्यान दें कि कुल 15 खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल में भारत की कप्तानी की है।
T20I में सबसे ज्यादा 50+ की पारी खेलने वाले टॉप-5 भारतीय कप्तान
- रोहित शर्मा - 62 पारियों में 16 फिफ्टी प्लस स्कोर
- विराट कोहली - 46 पारियों में 13 फिफ्टी प्लस स्कोर
- सूर्यकुमार यादव - 49 पारियों में 09 फिफ्टी प्लस स्कोर
- शुभमन गिल - 05 पारियों में 02 फिफ्टी प्लस स्कोर
- केएल राहुल - 01 पारी में 01 फिफ्टी प्लस स्कोर
- सुरेश रैना - 03 पारियों में 01 फिफ्टी प्लस स्कोर
- श्रेयस अय्यर - 03 पारियों में 01 फिफ्टी प्लस स्कोर
ऐसा रहा मैच का हाल: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला टी20 मुकाबला बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के रद्द करना पड़ा। रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
उनके लिए कैप्टन श्रेयस अय्यर (47 गेंदों पर 68 रन) और अभिषेक शर्मा (24 गेंदों पर 59 रन) ने अर्धशतक जड़ा। दूसरी तरफ इंग्लैंड के लिए साकिब महमूद ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके। ध्यान दें कि भारतीय पारी के बाद बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि ये मुकाबला दोबारा शुरू ही नहीं किया जा सका और रद्द करना पड़ा।