भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार (17 जून) को खेले जा रहे इस मैच में जहां शुभमन गिल और ईशान किशन ने शानदार शतक जड़े, वहीं श्रेयस अय्यर ने भी एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।

Advertisement

इस मैच से पहले श्रेयस अय्यर को वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 11 रन की जरूरत थी। उन्होंने 24 गेंदों में 26 रन की उपयोगी पारी खेलकर यह आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ ही वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट में 3000 रन बनाने वाले 22वें बल्लेबाज बन गए।

Advertisement

हालांकि यह उपलब्धि सिर्फ 3000 रन पूरे करने तक सीमित नहीं रही। अय्यर ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 72 पारियां लीं और इसके साथ ही वह भारत के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करे वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली, केएल राहुल और नवजोत सिंह सिद्धू जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।

श्रेयस अय्यर ने 72 पारियों में 3000 रन पूरे कर शिखर धवन के रिकॉर्ड की बराबरी की। भारत के लिए इस उपलब्धि तक सबसे तेज पहुंचने का रिकॉर्ड हाल ही में शुभमन गिल के नाम दर्ज हो चुका है, जिन्होंने सिर्फ 62 पारियों में 3000 रन पूरे किए हैं।

वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज (पारियों के हिसाब से)

  • शुभमन गिल – 62 पारी
  • शिखर धवन – 72 पारी
  • श्रेयस अय्यर – 72 पारी
  • विराट कोहली – 75 पारी
  • केएल राहुल – 78 पारी
  • नवजोत सिंह सिद्धू – 79 पारी

श्रेयस अय्यर का वनडे करियर लगातार शानदार रहा है। 3000 रन का आंकड़ा पार करने के बाद उनके नाम अब 3015 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उनका औसत 45.68 का रहा है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक 5 शतक और 23 अर्धशतक भी लगाए हैं।

Advertisement

मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 48 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 224 रन की विशाल साझेदारी की और अफगानिस्तान के गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया। शुभमन गिल ने 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी खेली। इन दोनों शतकों की बदौलत भारतीय टीम ने 50 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार