आईपीएल 2026 में शुभमन गिल का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेली गई शानदार पारी के दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 6000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही गिल कप्तानी में भी एक खास रिकॉर्ड बनाने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। गुरुवार (21 मई) को हमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने आखिरी लीग मुकाबले में गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 125 रन की शानदार साझेदारी की और चेन्नई के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। गिल ने इस मुकाबले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 64 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के जड़े। इसी दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 6000 रन भी पूरे कर लिए।
इस उपलब्धि के साथ शुभमन गिल टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 6000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ केएल राहुल और विराट कोहली ही उनसे कम पारियों में यह कारनामा कर पाए थे। राहुल ने 166 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था, जबकि विराट कोहली ने 184 पारियों में 6000 रन पूरे किए थे। वहीं गिल ने यह उपलब्धि 185 पारियों में हासिल की।
इतना ही नहीं, इस मुकाबले में गिल ने अपने टी20 करियर के 200 छक्के भी पूरे कर लिए। इसके अलावा वह IPL इतिहास के सिर्फ तीसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने लगातार दो सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। उनसे पहले यह कारनामा डेविड वॉर्नरW और केएल राहुल कर चुके हैं। डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए 2016 और 2017 में लगातार 600 से ज्यादा रन बनाए थे, जबकि केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के लिए 2020 और 2021 सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब शुभमन गिल भी इस खास एलिट लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
कप्तान के तौर पर लगातार दो IPL सीजन में 600+ रन बनाने वाले खिलाड़ी:
- डेविड वॉर्नर – 2016, 2017
- केएल राहुल – 2020, 2021
- शुभमन गिल – 2025, 2026*
इतना ही नहीं, शुभमन गिल अब IPL इतिहास में तीन बार 600+ रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
IPL में सबसे ज्यादा बार 600+ रन बनाने वाले बल्लेबाज:
- विराट कोहली – 5 बार
- केएल राहुल – 4 बार
- शुभमन गिल – 3 बार
- डेविड वॉर्नर – 3 बार
- क्रिस गेल – 3 बार
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि शुभमन गिल का बल्ला इस सीजन लगातार रन उगल रहा है। वह IPL 2026 में अब तक 13 मैचों में 47.38 की शानदार औसत से 616 रन बना चुके हैं।