टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भले ही जिम्बाब्वे को भारत से 72 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम के कप्तान सिकंदर रजा ने इस मुकाबले में 15 रन बनाते ही बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। ऐसा करते ही रजा ये खास उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में गुरुवार (26 फरवरी) को भारत के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलते हुए सिकंदर रजा ने टी20 इंटरनेशनल में इतिहास रच दिया। उन्हें इस मुकाबले से पहले 3000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 15 रन की जरूरत थी, और उन्होंने 21 गेंदों में 31 रन की पारी खेलते हुए यह आंकड़ा पार कर लिया।
इस उपलब्धि के साथ रजा अब टी20 इंटरनेशनल में 3000 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले और 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ मलेशिया के ऑलराउंडर वीरदीप सिंह ने किया था, जिनके नाम 3180 रन और 109 विकेट दर्ज हैं।
रजा के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 132 मैचों में 3016 रन बनाने के साथ 104 विकेट भी झटके हैं। वे जिम्बाब्वे के पहले और दुनिया के 14वें खिलाड़ी भी बन गए हैं जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 3000 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
हालांकि मैच की बात करें तो भारत ने इस मुकाबले में जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया। अभिषेक शर्मा (55) और हार्दिक पांड्या (50*) की तूफानी पारियों की बदौलत भारत ने 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा (44) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (38) ने भी अहम योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल की रेस में बना हुआ है, जबकि साउथ अफ्रीका ने अंतिम-चार में अपनी जगह पक्की कर ली है।