SL vs IND Test: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा जिसके लिए BCCI ने भारतीय टीम में एक बड़ा बदलाव किया है। दरअसल, दिग्गज तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं जिनकी रिप्लेसमेंट के तौर पर घातक तेज गेंदबाज़ आकिब नबी (Auqib Nabi) को स्क्वाड में चुना गया है।
BCCI ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने पर लगी चोट से अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके कारण उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
याद दिला दें हाल ही में जब BCCI ने श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा की थी तब भी जसप्रीत बुमराह के खेलने पर 'सब्जेक्ट टू फिटनेस' लिखा था। यानी कहीं ना कहीं टीम मैनजमेंट को ये शक था कि जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज के शुरू होने तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे।
BCCI ने जसप्रीत बुमराह की रिप्लेंसमेंट की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "भारतीय पुरुष चयन समिति ने जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर आकिब नबी को टीम में शामिल किया है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज़ गेंदबाज़ को पहली बार भारतीय सीनियर टीम से बुलावा मिला है।"
उन्होंने आगे लिखा, "आकिब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीज़न में कुल 104 विकेट चटकाए हैं। इनमें 2025-26 सीज़न में उन्होंने 60 विकेट हासिल किए और जम्मू-कश्मीर को इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। हाल ही में वह इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे, जहां उन्होंने दो फर्स्ट क्लास मैचों में 6 विकेट अपने नाम किए।"
गौरतलब है कि आकिब नबी लंबे समय से भारतीय टीम में जगह पाने के लिए इंतज़ार कर रहे थे। ये 29 वर्षीय खिलाड़ी बल्लेबाज़ी करने की क्षमता भी रखता है। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में एक सेंचुरी भी ठोकी है। आकिब के पास 43 फर्स्ट क्लास मैच (999 रन और 162 विकेट), 36 लिस्ट ए मैच (572 रन और 56 विकेट) और 39 टी20 मैचों (155 रन और 43 विकेट) का अनुभव है।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन। (*फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर)