पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बारिश की आंख मिचौली के बीच दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बना लिए। बारिश के कारण पहले दिन सिर्फ 66 ओवर का ही खेल हो सका लेकिन कम समय में भी फैंस का भरपूर मनोरंजन हुआ।

Advertisement

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शाहीन अफरीदी ने खेल के दूसरे ओवर में ही श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज निशान मदुषंका को आउट करके लंकाई टीम को तगड़ा झटका दिया। एक समय तो श्रीलंका की टीम ने 54 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे लेकिन बाद में अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज़ और धनंजया डी सिल्वा ने शानदार साझेदारी करके पारी को संभाला।

Advertisement

मैथ्यूज़ ने अबरार अहमद की गेंद पर आउट होने से पहले 109 गेंदों में 64 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उनके आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज सदीरा समरविक्रमा क्रीज़ पर आए और डी सिल्वा का बखूबी साथ निभाया। जब पहले दिन आखिरी बार बारिश के कारण खेल रोका गया तब तक श्रीलंकाई टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए शानदार रिकवरी कर ली थी। डी सिल्वा अपने शतक की ओर बढ़ रहे हैं और वो 133 गेंदों में 89 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि समरविक्रमा दिन के आखिरी ओवर में 36 रन बनाकर आउट हुए।

वहीं, अगर पाकिस्तान की गेंदबाजी पर गौर करें तो शाहीन अफरीदी ने मैच का पहला विकेट लेते ही टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट भी पूरे कर लिए। उन्होंने एक के बाद एक श्रीलंका को तीन झटके दिए और ये सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान शुरुआत से ही इस मैच में आगे रहे। हालांकि, चार विकेट लेने के बाद पाकिस्तानी गेंदबाज थोड़े ढीले नजर आए और वहीं से लंकाई बल्लेबाजों ने मैच में वापसी कर ली। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या पाकिस्तानी गेंदबाज दूसरे दिन पहले सेशन में लंकाई टीम को समेट पाते हैं या नहीं।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार