The Hundred Women's 2026, SUL-W vs MO-W: द हंड्रेड विमेंस 2026 के मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स लीड्स को 4 विकेट से मात दी। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 88 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का दसवां मुकाबला सनराइजर्स लीड्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के बीच मंगलवार (28 जुलाई) को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की टीम ने निर्धारित 100 गेंदों में 4 विकेट खोकर 143 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
टीम के लिए मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने उतरी एन्नाबेल सदरलैंड ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 24 गेंदों में 35 रन बनाए। इसके अलावा फीबी लिचफील्ड ने भी शानदार योगदान देते हुए 26 गेंदों में 31 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं सलामी बल्लेबाज ब्रायोनी स्मिथ ने 22 गेंदों में 26 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में कप्तान डेनियल गिब्सन ने तेजी से रन बनाते हुए सिर्फ 6 गेंदों में 18 रन की अहम पारी खेली।
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से गेंदबाजी में मैटलन ब्राउन, मैडी विलियर्स और कैथरीन ब्राइस ने 1-1 विकेट हासिल किया।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में नाबाद 88 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। इसके अलावा दूसरी सलामी बल्लेबाज और कप्तान मेग लैनिंग ने भी 18 गेंदों में उपयोगी 24 रन जोड़े।
मंधाना की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 96 गेंदों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने 4 गेंद शेष रहते 4 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
सनराइजर्स लीड्स के लिए गेंदबाजी में डेनियल गिब्सन, कैसिडी मैकार्थी, हन्ना बेकर और जेस जोनासेन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।