India Women vs Australia Women, Pink-Ball Test Day 2 Highlights: पर्थ के वाका स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के इकलौते पिंक टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड की शानदार पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल की। जवाब में भारत की दूसरी पारी भी लड़खड़ा गई और दिन का खेल खत्म होने तक टीम 6 विकेट पर 105 रन ही बना सकी।
शनिवार (7 मार्च) को पर्थ के वाका स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के इकलौते पिंक बॉल टेस्ट के दूसरे दिन मेजबान टीम ने शानदार खेल दिखाया। पहले दिन के स्कोर 96/3 से आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी को एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने मजबूती दी।
दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 169 गेंदों में 128 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। एलिस पेरी ने 116 गेंदों में 76 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं एनाबेल सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और 171 गेंदों में 129 रन बनाए। उनकी इस पारी में 17 चौके शामिल रहे।
इन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत की पहली पारी के 198 रन के जवाब में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल कर ली।
भारत की ओर से गेंदबाजी में सायाली सतघरे सबसे सफल रहीं और उन्होंने 4 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ को 2-2 विकेट मिले, जबकि स्नेह राणा और शैफाली वर्मा ने भी 1-1 सफलता हासिल की।
दूसरे दिन के तीसरे सत्र के बचे हुए खेल में भारत ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की, लेकिन इस बार भी शुरुआत निराशाजनक रही। स्मृति मंधाना 2 रन और शैफाली वर्मा 5 रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स (14), दीप्ति शर्मा (11) और ऋचा घोष (0) भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं।
हालांकि प्रतीका रावल ने एक छोर संभाले रखा और दिन का खेल खत्म होने तक 43 रन बनाकर क्रीज पर डटी रहीं। उनके साथ स्नेह राणा 14 रन बनाकर नाबाद रहीं। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए हैं और ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को कम करते हुए अभी भी 20 रन पीछे है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में लूसी हैमिल्टन ने 3 विकेट झटके, जबकि एनाबेल सदरलैंड को 2 और डार्सी ब्राउन को 1 सफलता मिली।