आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से करारी शिकस्त दी। भारत की इस जीत में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने अहम भूमिका निभाई। मंधाना ने इस मैच में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 47 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
इस मैच में एक और अर्धशतक जड़कर, स्मृति मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर और मिताली राज के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ये स्टार बल्लेबाज़ अब विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज़्यादा अर्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। मिताली राज और हरमनप्रीत कौर दोनों के नाम पांच-पांच अर्धशतक हैं और नीदरलैंड के ख़िलाफ़ इस पारी के साथ स्मृति मंधाना के नाम छह अर्धशतक हो गए हैं।
इसके अलावा, शैफाली वर्मा द्वारा 38 गेंदों में 55 रन बनाने के साथ, ये दूसरा मौका था जब भारत की दोनों ओपनर्स ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप मैच में 50 रन का आंकड़ा पार किया। कुल मिलाकर, टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा 15वीं बार हुआ है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो 210 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज हीदर सीगर्स ने 20 और फीबे मोल्केनबोअर ने 15 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान बाबेट डे लीडे ने 27 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही। इसके बाद तो नीदरलैंड का पूरा बल्लेबाजी क्रम जैसे बिखर ही गया। नीदरलैंड के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से गेंदबाजी में श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट हासिल किए। नंदनी शर्मा को 2 विकेट मिले, जबकि दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया।