साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दूसरे दिन लंच के समय तक पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए हैं। लंच तक टेम्बा बावुमा (0) नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं। साउथ अफ्रीका पहली पारी में भारत से अभी भी 100 रन पीछे है। साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे दिन एक विकेट के नुकसान पर 35 रनों से आगे बल्लेबाजी करने उतरी थी।
दूसरे दिन कप्तान डीन एल्गर और कीगन पीटरसन ने मिलकर धीमी लेकिन संभली हुई शुरूआत की। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। 88 रन के कुल स्कोर पर ठाकुर ने एल्गर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। एल्गर ने 120 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों की मदद से 28 रन बनाए।
लंच से ठीक पहले अपने दो ओवर में ठाकुर ने पहले पीटरसन और फिर रस्सी वेन डर डूसेन (1) को आउट किया। पीटरसन ने 118 गेंदों में नौ चौकों की बदौलत 62 रनों की पारी खेली।
भारत के लिए पहली पारी में अब तक शार्दुल ठाकुर ने तीन और मोहम्मद शमी ने एक विकेट चटकाया है।