SA vs BAN 1st Test: साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में गुरुवार (19 नवंबर) को मुकाबले के पांचवें और आखिरी दिन मेजबान टीम के सामने महज 12 रन का लक्ष्य था। जिसे उन्होंने 1.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं, टीम ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में भी फिर से नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है।
इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में 400 रन बनाए थे। टीम की ओर से तौहीद हृदय ने 137 और लिटन दास ने 120 रन की शानदार शतकीय पारियां खेली थीं। लेकिन इसके बाद साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया।
साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 557 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और बांग्लादेश पर 157 रन की बढ़त हासिल कर ली। मेजबान टीम की ओर से मार्केस एकरमैन ने 164 गेंदों में 157 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज रियान रिकेल्टन ने भी शतक लगाया और 165 गेंदों में 102 रन बनाए।
157 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम इस बार कुछ खास नहीं कर सकी और पूरी पारी महज 168 रन पर सिमट गई। इस बार बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाया। इसके चलते साउथ अफ्रीका को जीत के लिए सिर्फ 12 रन का लक्ष्य मिला।
मेजबान टीम ने पांचवें दिन बिना किसी परेशानी के 1.3 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
साउथ अफ्रीका की इस जीत में तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में तीन विकेट हासिल किए। इस तरह रबाडा ने पूरे मैच में कुल आठ विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा पहली पारी में डेन पैटरसन ने चार विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में साइमन हार्मर ने छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में अंक प्रतिशत (PCT) बढ़कर 75 हो गया है और टीम ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, बांग्लादेश को मौजूदा WTC चक्र में नौ टेस्ट मैचों में यह चौथी हार मिली है। इस हार के चलते उसका अंक प्रतिशत 45.83 से घटकर 40.74 रह गया है।