महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को एक बहुत बड़ी ताकत वापस मिल गई है। साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है और इस टीम में टीम की स्टार तेज़ गेंदबाज़ शबनीम इस्माइल की भी वापसी हुई है। शबनीम ने अपना रिटायरमेंट वापस ले लिया है और अब वो फिर से प्रोटियाज़ टीम की जर्सी में नजर आएंगी। 37 साल की शबनीम ने 2023 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन अब वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए उन्होंने वापसी करने का फैसला किया है। फैंस के लिए ये खबर काफी खास है, क्योंकि शबनीम को महिला क्रिकेट की सबसे खतरनाक तेज़ गेंदबाज़ों में गिना जाता है। उनकी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाज़ी ने सालों तक बल्लेबाज़ों को परेशान किया है। अब उनकी वापसी से साउथ अफ्रीका की गेंदबाज़ी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत दिखाई दे रही है। सबसे दिलचस्प बात ये है कि शबनीम एक बार फिर अपनी पुराने गेंदबाज़ी पार्टनर मारिज़ेन कैप के साथ मैदान पर दिखेंगी। कैप भी हाल ही में बीमारी से उबरकर टीम में लौटी हैं। इसके अलावा पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने भी पिछले साल रिटायरमेंट से वापसी की थी और तब से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। टीम की कप्तानी इस बार लौरा वोल्वार्ड्ट के हाथों में होगी। वहीं ताज़मिन ब्रिट्स, सुने लुस, क्लो ट्रायन और अयाबोंगा खाका जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी स्क्वॉड में शामिल हैं। साउथ अफ्रीका ने इस बार युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया है। अंडर-19 टीम को फाइनल तक पहुंचाने वाली कायला रेनेके को पहली बार सीनियर वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है। विकेटकीपर कराबो मेसो भी चोट से उबरकर वापसी कर चुकी हैं। अब फैंस को उम्मीद होगी कि इस बार साउथ अफ्रीका महिला टीम वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा कर पाएगी, क्योंकि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का शानदार संतुलन नजर आ रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप के लिए साउथ अफ्रीका की महिला टीम इस प्रकार है। लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लार्क, एनेरी डर्कसन, शबनिम इस्माइल, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), मारिज़ैन कप्प, अयाबोंगा खाका, सुने लुस, काराबो मेसो (विकेटकीपर), नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायॉन और डेन वैन नीकेर्क।
Advertisement
Advertisement