South Africa Squad For T20I Series In New Zealand: साउथ अफ्रीका ने 15 मार्च से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए सोमवार (20 फरवरी) को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी स्पिनर केशव महाराज को सौंपी गई है। यह सीरीज भारत-श्रीलंका में जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के एक हफ्ते बाद शुरू होगी।
पांच मैच की सीरीज 25 मार्च को खत्म होगी और आईपीएल 26 मार्च से शुरू होने की उम्मीद होगी। टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल साउथ अफ्रीका के ज्यादातर खिलाड़ियों को इस दौरे पर आराम दिया गया है। टूर्नामेंट खेल रहे महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ इस सीरीज के लिए भारत से न्यूजीलैंड जाएंगे।
टीम में पांच अनकैप्ड खिलाड़ी कॉनर एस्टरहुइज़न, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, ईथन बॉश और नकोबानी मोकोएना शामिल हैं। जॉर्डन हरमन रुबिन हरमन के भाई हैं, जो टीम में भी हैं, जबकि ईथन बॉश कॉर्बिन बॉश के छोटे भाई हैं।
मोकोएना SA20 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर रहे थे। पार्ल रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 14.76 की स्ट्राईक रेट से 13 विकेट लिए।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुने गए तेज गेंदबाज ओटनिल बार्टमैन औऱ गेराल्ड कोएत्जे टीम का हिस्सा हैं। वहीं चोट से ठीक होकर टोनी डी जोर्जी की वापसी हुई है।
केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएत्ज़ी, टोनी डी जोर्जी, कॉनर एस्टरहुइज़न, डियान फ़ॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन और जेसन स्मिथ।