उपुल थरंगा (नाबाद 99) की शानदार पारी और कप्तान तिलकरत्ने दिलशान (3/21) की बेहतरीन गेंदबाजी से श्रीलंका लेजेंड्स ने यहां शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले में बांग्लादेश लेजेंड्स को 42 रनों से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की।

Advertisement

श्रीलंका ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और थरंगा के 47 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 99 रनों की पारी के बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 138 रन ही बना सकी। बांग्लादेश की ओर से नजीमुद्दीन ने 41 गेंदों पर पांच चौकों औ्र दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 54 रन बनाए, जबकि खालीद मशूद 28 और जावेद ओमर दो रन बनाकर नाबाद रहे।

इस जीत से श्रीलंका की टीम इंडिया लेजेंड्स को पीछे छोड़कर अंक तालिका में 16 अंक लेकर पहले स्थान पर आ गई है। इससे पहले, दिलशान ने सनत जयसूर्या के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन जयसूर्या चार रन के स्कोर पर रिटायर हर्ट हो गए और फिर मैदान में नहीं उतर सके।

दिलशान ने इसके बाद थरंगा के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन राजिन सालेह ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। दिलशान ने 23 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 33 रन बनाए। दिलशान के आउट होने के बाद थरंगा ने एक छोर से बल्लेबाजी संभालते हुए विस्फोटक पारी खेली। हालांकि ओवर पूरे होने के कारण वह शतक नहीं बना सके।

 

श्रीलंका की पारी में चमारा सिल्वा ने 24, फरवीज महरूफ ने 12, रसेल आर्नोल्ड ने एक और नुवान कुलासेकरा ने एक रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से सालेह ने एक, मोहम्मद शरीफ ने एक और कप्तान मोहम्मद रफीक ने एक विकेट लिया।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को नजीमुद्दीन और मेहराब हुसैन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। दिलशान ने हालांकि हुसैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। हुसैन ने 26 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।

दिलशान ने इसके बाद हनान सरकार (2) और रफीक (4) को आउट कर बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा दी। इस बीच आर्नोल्ड ने मुसफिकुर रहमान (5) को आउट कर बांग्लादेश को चौथा झटका दिया।

तेजी से रन बना रहे नजीमुद्दीन को धमिका प्रसाद ने आउट किया और बांग्लादेश की आखिरी उम्मीद भी धूमिल हो गई। धमिका ने इसके बाद सालेह को आउट कर बांग्लादेश को छठा झटका दिया। सालेह ने पांच रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान के अलावा धमिका ने दो और आर्नोल्ड ने एक विकेट लिया।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार