स्टीव स्मिथ (Steve Smith)ने इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़कर एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। स्मिथ ने 141 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 67 रनों की पारी खेली। तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने स्मिथ को अपना शिकार बनाया।
स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में एक स्टेडियम में सबसे कम पारियों में 10 बार 50 प्लस स्कोर बनाने के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। स्मिथ ने सिडनी में 9 टेस्ट की 13 पारियों में 10 बार 50 प्लस स्कोर बना लिया है। इस मैदान पर उन्होंने तीन शतक और सात अर्धशतक जड़े हैं।
स्मिथ ने ग्रैग चैपल, हाशिम अमला और मिस्बाह-उल-हक का रिकॉर्ड तोड़ा। चैपल ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, अमला ने साउथ अफ्रीका के सेंचुरियन और मिस्बाह ने आबू धाबी के मैदान पर 14-14 पारियों मे यह कारनामा किया था।
बता दें कि स्मिथ ने अपना आखिरी शतक इस मैदान पर भारत के खिलाफ जड़ा था। मौजूदा एशेज सीरीज में वह 5 पारियों में 194 रन बना चुके हैं, जिसमें उनका टॉप स्कोर 93 रन रहा है।