भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वनडे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर भविष्य की बहुत ज्यादा चिंता करने से इनकार किया है। भुवी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि फिलहाल उनका ध्यान खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने पर है, न कि भविष्य में क्या होगा, इसका अंदाजा लगाने पर।

Advertisement

जब भुवनेश्वर कुमार से पूछा गया कि क्या आईपीएल और घरेलू प्रतियोगिताओं सहित व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनके हालिया प्रदर्शन से उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में जगह मिल सकती है? इसके जवाब में भुवी ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "मुझे खेलना है, मैं खेल रहा हूं। उसके बाद क्या होगा, इसका अंदाजा नहीं लगा सकता।"

उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त से होगी, जिसमें यह अनुभवी तेज गेंदबाज 'लखनऊ फाल्कन्स' की कप्तानी करता नजर आएगा। 24 दिनों तक चलने वाले यूपीटी20 सीजन 4 में 34 मैच खेले जाएंगे और पहली बार इसका आयोजन दो शहरों में होगा। लखनऊ में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरुआती चरण के तहत 13 दिनों में 22 मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में जाएगा, जहां शेष 12 मैच 11 दिनों में खेले जाएंगे।

भुवनेश्वर के लिए, यह टूर्नामेंट मैदान पर योगदान देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटर्स को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की चुनौतियों से निपटने में मदद करने का एक और मौका है। भुवनेश्वर लीग की शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहे हैं, उनका मानना ​​है कि टूर्नामेंट लगातार आगे बढ़ा है और यह उन खिलाड़ियों के लिए एक अहम सीढ़ी साबित हो सकता है जो आईपीएल और आगे चलकर नेशनल टीम में जगह बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, "यह लीग का चौथा साल है। हर साल हम सुधार देख रहे हैं, चाहे वह खिलाड़ियों की काबिलियत हो, यूपीसीए की तरफ से दी जाने वाली सुविधाएं हों या उनके काम करने का तरीका। मुझे यकीन है कि इसका भविष्य अच्छा है। मुझे लगता है कि हर राज्य में लीग हो रही है, न कि सिर्फ यूपीसीए में।"

यह अनुभवी तेज गेंदबाज राज्य स्तरीय टी20 लीग के उभरने को घरेलू क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक बदलाव के तौर पर देखता है। उन्होंने कहा, "बेशक, इन लीग का भविष्य है। यह सभी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मौका है। अगर वे अच्छा खेलते हैं, तो उन्हें आईपीएल और आगे चलकर भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिल सकता है। इसलिए यह एक शानदार मौका है।"

उन्होंने कहा, "यह लीग का चौथा साल है। हर साल हम सुधार देख रहे हैं, चाहे वह खिलाड़ियों की काबिलियत हो, यूपीसीए की तरफ से दी जाने वाली सुविधाएं हों या उनके काम करने का तरीका। मुझे यकीन है कि इसका भविष्य अच्छा है। मुझे लगता है कि हर राज्य में लीग हो रही है, न कि सिर्फ यूपीसीए में।"

Also Read: LIVE Cricket Score

भुवनेश्वर पर कप्तान और सीनियर खिलाड़ी दोनों की दोहरी जिम्मेदारी होगी; उनके लिए टीम के अंदर सही माहौल बनाना भी उतना ही जरूरी होगा जितनी कि रणनीतिक तैयारी। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "एक कप्तान और कोच के तौर पर हमारा मकसद यही है कि हम खिलाड़ियों को अच्छे, खुश और सहज माहौल में रख सकें। हमारी यही कोशिश है।"

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार