न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि नई गेंद के साथ गेंदबाजों की खराब शुरुआत टीम की हार का मुख्य कारण रही। गुरुवार को हेगले ओवल में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत ने 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की।

पावरप्ले में भारत ने 1 विकेट खोकर 94 रन बना लिए थे, जिसमें न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों द्वारा फेंकी गई कई वाइड गेंदों ने भी भारत की मदद की। हालांकि, न्यूजीलैंड ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन नमन धीर की 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की पारी ने भारत की जीत पक्की कर दी। भारत ने 2 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने कुल 17 अतिरिक्त रन दिए।

सैंटनर ने न्यूजीलैंड की हार के बाद कहा, "उन्होंने हम पर दबाव बनाया। हमें पता था कि वह ऐसा ही करेंगे और एक बार फिर उन्होंने पावरप्ले में बहुत रन बनाए। शायद हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमें कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें पता है कि गेंद कैसे बर्ताव करती है, इसलिए हम उन्हें धीमा कर सकते हैं। मुझे लगता है कि बीच के ओवरों में हमने उन्हें अच्छे से बांध कर रखा और मुकाबला काफी कड़ा हो गया था। दोनों ही टीमों के पास सुधार करने के लिए कुछ चीजें हैं। यह मैच किसी भी तरफ जा सकता था।"

जब पूछा गया कि न्यूजीलैंड कहां सुधार कर सकता है, तो सैंटनर ने अतिरिक्त रन और फील्डिंग के दौरान छूटे कुछ मौकों की ओर इशारा किया। कीवी कप्तान ने कहा, "शुरुआत में दिए गए अतिरिक्त रन एक कारण हो सकते हैं। हालांकि, फील्डिंग में हम काफी अच्छे थे, लेकिन यहां कैच पकड़ना आसान नहीं होता। कुछ और मौके भुनाए जा सकते थे, और डेथ ओवरों में भी सुधार की गुंजाइश थी। हालांकि, पावरप्ले हमेशा से ही एक चुनौती रहता है। हमें उन्हें धीमा करने का कोई तरीका खोजना होगा—शायद पावरप्ले में 100 रन देने के बजाय, हम इसे 80 रनों तक सीमित कर सकें।"

दोनों टीमें शनिवार को इसी मैदान पर दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में फिर से आमने-सामने होंगी। 13वें ओवर में कैच लेने की कोशिश के दौरान सैंटनर के सिर के बल गिरने से उन्हें कुछ चोट लगी और वह थोड़ी देर के लिए मैदान से बाहर चले गए थे, लेकिन उन्होंने बताया कि वे ठीक हैं। "थोड़ा झटका लगा था, लेकिन हां, अब सब ठीक है।"

इसके साथ ही सैंटनर इस बात से खुश थे कि बल्लेबाजी करने उतरे उनके खिलाड़ियों ने अपना काम बखूबी निभाया। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स की तारीफ की, जिन्होंने 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने बेवन जैकब्स की भी सराहना की, जिन्होंने 16 गेंदों पर 31 रन बनाए।

दोनों टीमें शनिवार को इसी मैदान पर दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में फिर से आमने-सामने होंगी। 13वें ओवर में कैच लेने की कोशिश के दौरान सैंटनर के सिर के बल गिरने से उन्हें कुछ चोट लगी और वह थोड़ी देर के लिए मैदान से बाहर चले गए थे, लेकिन उन्होंने बताया कि वे ठीक हैं। "थोड़ा झटका लगा था, लेकिन हां, अब सब ठीक है।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार