बीसीसीआई ने बुधवार को इंग्लैंड-ए के खिलाफ होने वाली टी20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान किया। दोनों ही फॉर्मेट के लिए टीम की कमान अनुष्का शर्मा के हाथों में सौंपी गई है।

वहीं, मल्टी-डे मैचों के लिए मिन्नू मणि को कप्तान नियुक्त किया गया है। महिला चयन समिति द्वारा चुनी गई टीमों के अनुसार, मिन्नू व्हाइट-बॉल फॉर्मेट (टी20 और वनडे) में अनुष्का की डिप्टी (उपकप्तान) होंगी, जबकि मल्टी-डे मैचों के लिए तेजल हसबनीस को उप-कप्तान बनाया गया है।

इस सीरीज में तीन टी20, तीन वनडे और एक मल्टी-डे मैच खेला जाएगा। पुणे का महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक टी20 मैचों की मेजबानी करेगा। इसके बाद, 8 से 19 दिसंबर तक वनडे और मल्टी-डे मैचों के लिए मुकाबले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे।

ऑफ-स्पिनर श्रेयांका पाटिल और तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर तीनों टीमों में शामिल हैं। इनके अलावा, ऑलराउंडर काशवी गौतम (वनडे और टी20 सीरीज) और अमनजोत कौर (केवल टी20), तथा युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी को भी टीम में जगह मिली है। अमनजोत, जिन्हें दिसंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की तैयारी के लिए यहां और अधिक खेलने का मौका मिलेगा।

वहीं, काशवी ने हाल ही में घुटने की चोट से उबरने के बाद सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के जरिए मैदान पर वापसी की है। भारत-ए की टी20 टीम में बल्लेबाज तनीषा सिंह और सानिका चालके, ऑलराउंडर प्रेमा रावत और तेज गेंदबाज मोनिका पटेल को शामिल किया गया है।

वनडे टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज शिप्रा गिरी और बाएं हाथ की स्पिनर अमीषा बहुकांडी को भी शामिल किया गया है। मल्टी-डे टीम में भी काफी बदलाव किया गया है, जिसमें अमीषा, शिप्रा, बल्लेबाज शुभा सतीश और पूर्वाजा वेर्लेकर, और तेज गेंदबाज हेनरीटा परेरा और हैप्पी कुमारी नए चेहरे हैं।

यह सीरीज दोनों टीमों को जल्दी ही फिर से एक-दूसरे के खिलाफ खेलने का मौका दे रही है। इस साल जून-जुलाई में भारत ए ने इंग्लैंड का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग बराबरी का रहा। भारत ए ने तीन मैचों की अनौपचारिक वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी, जबकि इंग्लैंड ए ने टी20 सीरीज भी 2-1 के अंतर से अपने नाम की थी।

टी20 के लिए भारत-ए टीम: वृंदा दिनेश, तनीषा सिंह, सानिका चालके, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी कमलिनी (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मिन्नू मणि (उपकप्तान), अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, मोनिका पटेल और काशवी गौतम।

वनडे मैचों के लिए भारत-ए टीम: वृंदा दिनेश, तनीषा सिंह, प्रिया पुनिया, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी कमलिनी (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मिन्नू मणि (उपकप्तान), तेजल हसब्निस, श्रेयंका पाटिल, अमीषा बहुकंदी, शबनम शकील, साइमा ठाकोर, अक्षिता भगत और काशवी गौतम।

मल्टी-डे मैच के लिए भारत ए टीम: शुभा सतीश, प्रिया पुनिया, तनीषा सिंह, पूर्वाजा वेर्लेकर, हेनरीटा परेरा, तेजल हसब्निस (उपकप्तान), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), मिन्नू मणि (कप्तान), श्रेयंका पाटिल, साइमा ठाकोर, अक्षिता भगत, अमीषा बहुकंदी, हैप्पी कुमारी और शबनम शकील।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार