The Hundred 2026: द हंड्रेड 2026 के बीच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के कप्तान (Aiden Markram) और स्टार बल्लेबाज एडेन मार्करम ने निजी कारणों के चलते टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ने का फैसला किया है।
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक मार्करम निजी कारणों से इंग्लैंड छोड़कर अपने देश साउथ अफ्रीका लौट गए हैं और द हंड्रेड 2026 के बाकी मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। मार्करम इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल थे। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने उन्हें इस साल की ऑक्शन में 2 लाख पाउंड की बड़ी रकम देकर टीम में शामिल किया था। मार्करम के जाने के बाद टीम की कमान अब इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर संभालेंगे। बटलर पर अब टीम को नॉकआउट तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
मार्करम ने टूर्नामेंट छोड़ने से पहले 5 मुकाबले खेले और 117 रन बनाए। उनका आखिरी मैच 2 अगस्त को द ओवल में MI लंदन के खिलाफ था, जहां उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में तेज़तर्रार 50 रन की शानदार पारी खेली थी।
वहीं मार्करम की जगह मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया है। 35 वर्षीय ब्रेसवेल इससे पहले 2024 सीजन में सदर्न ब्रेव की ओर से द हंड्रेड खेल चुके हैं और इंग्लैंड की परिस्थितियों का अच्छा अनुभव रखते हैं।
अगर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के प्रदर्शन की बात करें तो टीम का अभियान अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उसने अपने पहले 5 मुकाबलों में सिर्फ 2 मैच जीते हैं, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे अपने बाकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना होगा। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि जोस बटलर की कप्तानी में टीम वापसी कर पाती है या नहीं।