पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम को एक बड़ा बूस्ट मिला है। स्टार ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन की 15 सदस्यीय टीम में वापसी हुई आ गई हैं। टीम की कमान हेली मैथ्यूज के हाथों में सौंपी गई है।

डॉटिन ने सितंबर-अक्टूबर में जिम्बाब्वे का दौरा निजी कारणों से छोड़ दिया था। अब वह अश्मिनी मुनिसार की जगह टीम में शामिल हुई हैं, जो चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। बारबाडोस की रहने वाली 35 वर्षीय डॉटिन एक दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के लिए 143 वनडे और 132 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके आने से वेस्टइंडीज की निचले क्रम की बल्लेबाजी और मजबूत होगी।

पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज की शुरुआत टी20 मैचों से होगी, जो 8 से 12 दिसंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद 15 से 20 दिसंबर तक वनडे मैच होंगे। ये वनडे मैच आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे, जो 2029 में होने वाले अगले वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने का रास्ता है।

चूंकि टॉप-7 टीमें और मेजबान देश सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर जाते हैं, इसलिए वेस्टइंडीज की टीम इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करके ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल करना चाहेगी। फिलहाल वेस्टइंडीज प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, जो पाकिस्तान से ठीक ऊपर है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के क्रिकेट निदेशक माइल्स बास्कोम्बे ने एक बयान में कहा, "विश्व कप 2029 के सफर में चैंपियनशिप का हर एक अंक मायने रखता है और घरेलू मैदान पर होने वाले ये तीन वनडे मैच इसका एक अहम हिस्सा हैं।" उन्होंने आगे कहा, "टी20 विश्व कप 2028 में हमारी जगह पक्की हो चुकी है, इसलिए अब हमारा पूरा ध्यान 50 ओवर के विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने पर है। हमारा लक्ष्य वनडे सीरीज जीतना है और हमारी टीम में ऐसा करने की क्षमता है।"

वेस्टइंडीज ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड में खेले गए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचकर टी20 विश्व कप 2028 के लिए क्वालीफाई कर लिया था। 15 खिलाड़ियों की इस टीम में हैरानी की बात यह रही कि 17 साल की बल्लेबाज एबोनी ब्रेथवेट, जो जनवरी में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए अंडर-19 टीम के साथ तैयारी कर रही हैं, उन्हें सीनियर टीम में भी अपनी जगह बनाए रखने का मौका मिला है।

पाकिस्तान सीरीज के लिए वेस्टइंडीज महिला टीम:

हेली मैथ्यूज (कप्तान), चिनेल हेनरी (उपकप्तान), आलिया एलेन, एबोनी ब्रेथवेट, शेमेन कैंपबेल, जाहारा क्लैक्सटन, डिएंड्रा डॉटिन, एफी फ्लेचर, जनिले ग्लासगो, रियालाना ग्रिमोंड, शॉनिशा हेक्टर, ज़ैदा जेम्स, मैंडी मैंगरू, करिश्मा रामहरक और स्टेफनी टेलर।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार