The Hundred Women 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के इस करो या मरो मुकाबले में सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) को 41 रन से हराकर एलिमिनेटर में अपनी जगह पक्की कर ली। 166 रन के जवाब में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम 125 रन तक ही पहुंच सकी और टूर्नामेंट में उसका सफर यहीं खत्म हो गया।

Advertisement

द हंड्रेड विमेंस 2026 का 30वां मुकाबला मंगलवार (11 अगस्त) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी न्यौता मिलने पर सनराइजर्स लीड्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 4 विकेट खोकर 166 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।

सनराइजर्स लीड्स के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी एन्नाबेल सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में नाबाद 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड ने 12 गेंदों में 27 रन की तेजतर्रार पारी खेली। कप्तान डेनियल गिब्सन ने भी 13 गेंदों में 24 रन का अहम योगदान दिया।

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मैडी विलियर्स ने 2 विकेट चटकाए, जबकि कैथरीन ब्राइस को 1 सफलता मिली।

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को स्मृति मंधाना और ग्रेस स्क्रिवेंस ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 24 गेंदों में 42 रन जोड़े। स्मृति मंधाना 17 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ग्रेस स्क्रिवेंस ने 24 गेंदों में 31 रन बनाए।

सलामी साझेदारी टूटने के बाद मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पारी लड़खड़ा गई। मेग लैनिंग सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ऋचा घोष 13 रन ही बना सकीं। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाज भी टीम को लक्ष्य के करीब नहीं ले जा सके। नतीजा यह रहा कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम निर्धारित 100 गेंदों में 8 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी।

सनराइजर्स लीड्स के लिए गेंदबाजी में जेस जोनासेन ने 3 विकेट झटके। एन्नाबेल सदरलैंड और दीप्ति शर्मा ने भी 2-2 विकेट चटकाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह सनराइजर्स लीड्स ने 41 रन से यह अहम मुकाबला जीता और एलिमिनेटर में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब शुक्रवार (14 अगस्त) को एलिमिनेटर मुकाबले में उसका सामना सदर्न ब्रेव से होगा। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार