The Hundred Women 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के इस एलिमिनेटर मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। सदर्न ब्रेव (Southern Brave) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 114 रन का स्कोर खड़ा किया, लेकिन सनराइजर्स लीड्स ने इस लक्ष्य को 11 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला शुक्रवार (14 अगस्त) को लंदन के द किया ओवल मैदान पर सनराइजर्स लीड्स और सदर्न ब्रेव के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सदर्न ब्रेव निर्धारित 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी।
सदर्न ब्रेव के लिए सलामी बल्लेबाज लिज़ेल ली ने सबसे ज्यादा 25 गेंदों में 32 रन बनाए। इसके अलावा चार्ली नॉट ने 21 गेंदों में 25 रन, जबकि कप्तान सोफी मोलिनक्स ने 24 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाए। वहीं माया बाउचर और लौरा वोलवार्ड इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं और क्रमशः 15 और 8 रन बनाकर आउट हो गईं।
सनराइजर्स लीड्स के गेंदबाजी में एन्नाबेल सदरलैंड और हैना बेकर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि दीप्ति शर्मा और केट क्रॉस को 1-1 सफलता मिली।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने ब्रायोनी स्मिथ (2) और जेस जोनासेन (4) के विकेट महज 13 रन के स्कोर पर गंवा दिए। इसके बाद लॉरेन विनफील्ड-हिल ने पारी को संभालते हुए 37 गेंदों में 37 रन की अहम पारी खेली।
लॉरेन विनफील्ड-हिल को पहले एन्नाबेल सदरलैंड (17) का साथ मिला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने मोर्चा संभाला और लॉरेन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए और 41 रन जोड़े।
दीप्ति शर्मा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाए। उनकी इस मैच विनिंग पारी की बदौलत सनराइजर्स लीड्स ने 89 गेंदों में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 11 गेंद शेष रहते 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सदर्न ब्रेव के लिए इज़ी वोंग ने 3 विकेट लिए। वहीं लॉरेन बेल और सारा ग्लेन को 1-1 सफलता मिली, लेकिन उनकी गेंदबाजी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रही।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन सनराइजर्स लीड्स ने लगातार दूसरी बार द हंड्रेड विमेंस के फाइनल में जगह बना ली है। अब खिताब बचाने के लिए टीम का सामना रविवार (16 अगस्त) को फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स से होगा, जिसने सीधे फाइनल में अपनी जगह बनाई थी।