भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद सूर्याकुमार यादव ने बल्ले से जोरदार जवाब दिया है। टी20 मुंबई लीग 2026 में उन्होंने एक शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को आसान जीत दिलाई। सूर्या पूरे मैच में पुराने अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए।

Advertisement

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारत की टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव का कप्तानी कार्यकाल समाप्त हो गया और उन्हें आयरलैंड व इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम में जगह भी नहीं मिली। हालांकि टीम से बाहर होने के कुछ ही दिनों बाद सूर्या ने बल्ले से शानदार जवाब दिया है।

Advertisement

इस समय सूर्यकुमार यादव टी20 मुंबई लीग 2026 में ट्रायम्फ नाइट्स MNE की ओर से खेल रहे हैं। सोमवार (8 जून) को वानखेड़े स्टेडियम में एमएससी मराठा रॉयल्स और ट्रायम्फ नाइट्स MNE के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में सूर्या ने अपनी पुरानी लय की झलक दिखाते हुए विस्फोटक बल्लेबाजी की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएससी मराठा रॉयल्स की टीम 19.5 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। लक्ष्य बड़ा नहीं था और ट्रायम्फ नाइट्स MNE की तरफ से नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

सूर्या ने सिर्फ 36 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। उनकी पारी में 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। खास बात यह रही कि वह अंत तक क्रीज पर डटे रहे और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।

सूर्यकुमार यादव को इस पारी में नूतन कुमार गोयल का भी अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 103 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। नूतन ने भी 42 गेंदों पर 56 रन की उपयोगी पारी खेली।

Advertisement

ट्रायम्फ नाइट्स MNE ने सूर्या की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 153 रन का लक्ष्य सिर्फ 16 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम को लगातार तीन हार के बाद पहले 2 अंक भी मिले।

अगर टी20 मुंबई लीग 2026 में सूर्या के प्रदर्शन की बात करें तो वह अब तक 4 मैचों में 143 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 47.67 और स्ट्राइक रेट 185.71 का रहा है।

Also Read: LIVE Cricket Score

गौरतलब है कि इसी साल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। हालांकि इसके बाद उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 9 पारियों में 242 रन बनाए और सिर्फ एक अर्धशतक जड़ा। वहीं आईपीएल 2026 में भी मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए वह 13 पारियों में सिर्फ 270 रन ही बना सके थे। ऐसे में टीम से बाहर होने के बाद खेली गई यह विस्फोटक पारी उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार