भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो मुंबई टी-20 लीग के दौरान का है जहां एक ऑस्ट्रेलियाई इन्फ्लुएंसर उनसे ऑस्ट्रेलिया में इस्तेमाल होने वाले कुछ आम बोलचाल के शब्दों (slang terms) का मतलब बताने को कहता है लेकिन सूर्यकुमार यादव बीच में अटक जाते हैं और कहते हैं कि इससे अच्छी तो मराठी ही थी।
सूर्या का ये जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंसने लग जाते हैं। उनका ये मज़ेदार वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
वहीं, भारतीय टी-20 टीम से बाहर किए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से जोरदार जवाब दिया है। टी-20 मुंबई लीग 2026 में उन्होंने एक शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को आसान जीत दिलाई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारत की टी-20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव का कप्तानी कार्यकाल समाप्त हो गया और उन्हें आयरलैंड व इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए टीम में जगह भी नहीं मिली।
इस समय सूर्यकुमार यादव टी-20 मुंबई लीग 2026 में ट्रायम्फ नाइट्स MNE की ओर से खेल रहे हैं। सोमवार (8 जून) को वानखेड़े स्टेडियम में एमएससी मराठा रॉयल्स और ट्रायम्फ नाइट्स MNE के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में सूर्या ने अपनी पुरानी लय की झलक दिखाते हुए विस्फोटक बल्लेबाजी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएससी मराठा रॉयल्स की टीम 19.5 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। लक्ष्य बड़ा नहीं था और ट्रायम्फ नाइट्स MNE की तरफ से नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। सूर्या ने सिर्फ 36 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। उनकी पारी में 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। खास बात यह रही कि वह अंत तक क्रीज पर डटे रहे और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।
Also Read: LIVE Cricket Score
सूर्यकुमार यादव को इस पारी में नूतन कुमार गोयल का भी अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 103 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। नूतन ने भी 42 गेंदों पर 56 रन की उपयोगी पारी खेली। ट्रायम्फ नाइट्स MNE ने सूर्या की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 153 रन का लक्ष्य सिर्फ 16 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम को लगातार तीन हार के बाद पहले 2 अंक भी मिले।