मुंबई टी-20 लीग में सूर्यकुमार यादव ज़बरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भारत के टी-20 कप्तान के रूप में हटाए जाने के बाद तो वो रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम 'ट्रायम्फ नाइट्स MNE' के लिए शानदार 72 रन बनाए जिसके चलते उनकी टीम को MSC मराठा रॉयल्स के ख़िलाफ़ सीज़न की पहली जीत मिली।
हालांकि, इस जीत के बाद सूर्या ने कुछ ऐसा किया जिसने एक बार फिर से फैंस को उनका दीवाना बना दिया। इस मैच में सूर्या ने 36 गेंदों में 72 रन बनाए जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया लेकिन उन्होंने ये अवॉर्ड तेज़ गेंदबाज़ सिल्वेस्टर डिसूज़ा को सौंप दिया। उनके इस जेस्चर के चलते सोशल मीडिया पर उनके फैंस की गिनती बढ़ गई है।
लगातार खराब प्रदर्शन के कारण भारत की टी-20 टीम से बाहर किए गए सूर्या ने वानखेड़े स्टेडियम में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 72 रन बनाए और अपनी टीम को 153 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। उनके अलावा नूतन कुमार गोयल ने भी फ़िफ़्टी लगाई। हालांकि, आपके मन में ये सवाल घूम रहा होगा कि स्काई ने ऐसा क्यों किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
दरअसल, तेज़ गेंदबाज़ डिसूज़ा ने पहली पारी में 3.5 ओवर में 21 रन देकर पांच विकेट लिए थे और उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते ही सूर्या की टीम विपक्षी टीम को 153 तक रोकने में सफल रही। यही कारण था कि सूर्या ने डिसूजा को ये अवॉर्ड देने का फैसला किया। बता दें कि इससे पहले, सूर्यकुमार ने सोबो मुंबई फाल्कन्स के ख़िलाफ़ मैच में सिर्फ़ 24 गेंदों पर 48 रन बनाए थे।