South Africa vs New Zealand, 1st Semi-Final: न्यूजीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाज फिन एलन (Finn Allen) ने बुधवार (4 मार्च) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में तूफानी शतक जड़कर इतिहास रच दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए एलन ने 33 गेंदों में 303.03 की स्ट्राईक रेट से नाबाद 100 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के जड़े।
सबसे तेज शतक
एलन ने टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, उन्होंने 33 गेंदों में इस आंकड़े को हासिल किया। एलन ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 47 गेंदों में शतक लगाया था।
न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज
बतौर न्यूजीलैंड क्रिकेट टी-20 इंटरनेशनल में शतक जड़ने के मामले में भी एलन पहले नंबर पर आ गए हैं। इससे पहले 2020 में वेस्टइंडीज के खिलाफ माउंट मॉन्गनुई में हुए मुकाबले में ग्लेन फिलिप्स ने 46 गेंदों में शतक लगाया था।
तीसरे सबसे तेज शतक
टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों में फिन एनल संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनके अलावा जैन निकोल और सिकंदर रजा ने ही 33 गेंदों मे शतक जड़ने का कारनामा किया है।
ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर
एलन पहले पुरूष क्रिकेटर बन गए जिन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में शतक लगाया है। इससे पहले यह कीर्तिमान तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, जिन्होंने 2009 टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 96 रन बनाए थे।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में 1 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। एलन के अलावा टिम सेफर्ट ने 33 गेंदों में 58 रन बनाए।