India vs Zimbabwe: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने गुरूवार (26 फरवरी) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड के मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में नाबाद 50 रन की पारी खेली, जिसमें दो चौके और चार छक्के जड़े। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डेविड मिलर को छोड़ा पीछे
टी-20 वर्ल्ड कप में नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा बार पचास या उससे ज्यादा पारी खेलने के मामले में हार्दिक पहले नंबर पर आ गए हैं, उन्होंने चौथी बार यह कारनामा कर डेविड मिलर, मार्कस स्टोइनिस और शोएब मलिक को पीछे छोड़ा।
ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय
टी-20 इंटरनेशनल में 20वें ओवर में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले वह दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनके अब 192.45 की स्ट्राईक रेट से 204 रन हो गए हैं। 251 रन के साथ एमएस धोनी इस लिस्ट में पहले नंबर पर हैं।
रोहित-युवराज की बराबरी
टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के मामले में हार्दिक संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। तीसरी बार यह खिताब हासिल कर उन्होंने युवराज सिंह, रोहित शर्मा और रवि बिश्नोई की बराबकी की।इसके अलावा वह पहले भारतीय बने हैं जो एक टी-20 वर्ल्ड कप मे ंदो बार प्लेयर ऑफ द मैच जीते हैं।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए। जिसमें हार्दिक के अलावा अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन की पारी खेली। जवाब में जिम्बाब्वे 6 विकेट गवाकर 184 रन बना सकी। ब्रायन बैनेट ने नाबाद 97 रन की पारी खेली, लेकिन कोई और खिलाड़ी अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।