टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड बनाम इटली मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने विकेट के पीछे बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपका। इस कैच ने इटली की रन चेज़ में बड़ा झटका दिया और इंग्लैंड को शुरुआती बढ़त दिला दी। वहीं सोशल मीडिया पर बटलर की इस कैच का वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और इटली के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए 29वें मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। शुरुआत से ही इंग्लिश बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया और इटली के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
इटली की पारी का टर्निंग पॉइंट चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर आया, जब जेमी ओवरटन की शॉर्ट गेंद पर कप्तान हैरी मैनेंटी ने स्कूप खेलने की कोशिश की। गेंद हल्का सा किनारा लेकर विकेटकीपर की तरफ गई, लेकिन जोस बटलर ने बाईं ओर छलांग लगाकर दाएं हाथ से जबरदस्त कैच पकड़ लिया और सभी को चौंका दिया।
VIDEO:
इस विकेट के बाद इटली की टीम लड़खड़ा गई और कुछ ही देर में स्कोर 22 पर तीन विकेट हो गया। यहां से टीम दबाव में आ गई और लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मुकाबला इंग्लैंड के पक्ष में झुक गया।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन विल जैक्स ने 53 बनाए। वहीं टॉम बैंटन (30), फिल सॉल्ट (28) और सैम करन (25) ने भी अहम योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इटली की ओर से बेन मैनेंटी ने 60 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जस्टिन मोस्का ने 43 रन बनाए। इसके अलावा ग्रांट स्टीवर्ट ने 45 रनों से संघर्ष किया, लेकिन टीम 24 रन से मुकाबला हार गई।